बागपत। मोहल्ला देशराज में नगर पालिका के रिटायर्ड सुपरवाइजर का शव मकान में मिलने से सनसनी फैल गई। शव से दुर्गंध आने के कारण मोहल्ले के लोगों को मामले की जानकारी हुई। तीन दिनों से मृतक घर पर अकेला रह रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
मोहल्ला देशराज निवासी 62 वर्षीय राकेश कुमार शर्मा पुत्र चंद्र किशोर शर्मा नगर पालिका परिषद बागपत में सुपरवाइजर पद से रिटायर थे और पत्नी सत्यवती के साथ घर पर रहते थे। तीन दिन पहले पत्नी दिल्ली में बेटी के पास चली गई थी। वह घर पर अकेले थे। शुक्रवार सुबह उनके मकान से दुर्गंध आने पर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का दरवाजा खोला तो चारपाई पर राकेश शर्मा का शव पड़ा हुआ था। उसकी तीन दिन पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना पर परिजन घर पहुंचे। महिलाओं में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। मृतक के एक बेटा गौरव व एक बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा गौरव सहारनपुर में शिक्षक पद पर तैनात है और पत्नी एवं बच्चों सहित वहीं पर ही रहता है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि राकेश शर्मा के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दिया।