पुलिस ने घोसियान में अवैध पशु कटान पकड़ा, दो गिरफ्तार
बागपत। मोहल्ला घोसियान में पुलिस ने छापा लगाकर अवैध कटान पकड़ा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके से भैंस का मीट, कटान का सामान बरामद किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच में मीट संक्रमित मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार को शुक्रवार सुबह आठ बजे सूचना मिली कि मोहल्ला घोसियान में अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने शराफत के घेर में छापा मारा तो वहां पशुओं का कटान होता मिला। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पुलिस को मौके से 250 किलोग्राम भैंस की मीट, दो बुगदे, एक छुरा, इलेक्ट्रानिक कांटा और पशु के अवशेष बरामद हुए। पुलिस ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमपी सिंह को बुलाकर मीट की जांच कराई। एमपी सिंह ने बताया कि मीट संक्रमित पाया गया। इसका सेवन करने से व्यक्ति बीमार हो सकता है। पशु कटान खुले में नहीं कर सकते। मीट को गंदगी में नहीं रखा जाता। उन्होने पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी है। पुलिस ने शराफ और आरिफ निवासी मोहल्ला घोसियान के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।
--
पुलिस के शिकंजे में होंगे अवैध कटान करने वाले : एसपी
बागपत। शहर में अवैध पशु कटान के खिलाफ पुलिस चेकिंग अभियान और कार्रवाई कर रही है। लेकिन इसके बाद भी कटान पकड़ा जा रहा है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि अवैध कटान करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कटान नहीं होने देगी और अवैध कटान करने वालों पर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।