बड़ौत (बागपत)। बावली गांव में मंगलवार की रात्रि गोवंश हत्या की सूचना पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस जंगल की ओर दौड़ पड़ी और लोगों के साथ मिलकर गांव का पूरा जंगल खंगाल दिया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
मंगलवार की देर शाम गांव के संजीव को किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह सूचना दी कि गांव के जंगल में कुछ लोगों द्वारा गोवंश हत्या की जा रही है। सूचना पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया और काफी लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों के साथ मिलकर घंटों तक जंगल खंगाला, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका।
उधर हिंदू जागरण मंच के नितिन जैन का कहना था कि आए दिन नगर व क्षेत्र में गोवंश कटान धड़ल्ले से किया जा रहा है, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे हिंदू समाज के लोगों में आक्रोश पनप रहा है। यदि जल्द ही इन पर अंकुश नहीं लगाया गया तो निश्चित तौर पर उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना था कि गोवंश की हत्या की सूचना झूठी थी।