चांदीनगर (बागपत)। लोनी-रटौल मार्ग पर स्थित तिगरी गांव के मोड़ पर बाइक सवार दंपति से दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
लोनी क्षेत्र के बलरामनगर निवासी अरुण अपनी पत्नी विमला देवी के साथ बाइक पर सवार होकर दवा लेने के लिए चांदीनगर क्षेत्र में चिकित्सक के पास आए । वहां से दवा लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही तिगरी गांव के मोड़ के पास पहुंचे तो वहां पर घात लगाए दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। तीन हजार रुपये नगद, सोने के कुंडल व अन्य सामान लूट लिया। जाते समय बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित भयभीत है। बाद में उन्होंने राहगीरों को घटना की जानकारी दी। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।