पति ने पत्नी को जलाकर मारने की कोशिश की
बड़ौत (बागपत)। नवयुग कॉलोनी में अनैतिक संबंधों का विरोध करने पर पति ने पत्नी को यातनाएं दी और तेल छिड़ककर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह वह बचकर भागी और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस और एसपी के आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने से महिला परेशान है।
रुचि पत्नी रविंद्र नवयुग कॉलोनी की रहने वाली है। उसकी 10 साल पहले जिवाना गांव से रविंद्र के साथ शादी हुई थी। अब उसके दो बच्चे भी हैं। रुचि ने बताया उसके पति के किसी दूसरी महिला से अनैतिक संबंध है। जब वह उसका विरोध करती है तो वह उसे मारपीट कर यातनाएं देता है। कई बार उसने सामाजिक तौर पर मामले को सुलझाने कराने के प्रयास किए, लेकिन पति नहीं माना। बुधवार को पति ने उसे पूरी रात यातनाएं दी और बाद में मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाने की कोशिश की। किसी तरह वह भागकर कोतवाली पहुंची, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने एसपी से भी इसकी शिकायत की, लेकिन इस मामले में कोई न्याय नहीं मिला और वह अपने पति से भयभीत है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव ने कहा महिला ने पहले भी शिकायत की थी। महिला के पति को शांतिभंग की धारा 151 में गिरफ्तार किया था, यदि वह बाज नहीं आ रहा है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।