बागपत। हाईवे पर दो लाख रुपये का सट्टा लगाकर घोड़ा बुग्गी की दौड़ कराने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को कोतवाली से जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।
रविवार को सुबह छह बजे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रीवर पार्क से पाली गांव तक दो घोड़ा बुग्गी की दौड़ कराई। घोड़ा बुग्गी पर दो लाख रुपये के सट्टा लगाया। घोड़ी बुग्गी के पीछे आयोजक बाइकों पर चले । इस दौड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अफसर हरकत में आए। कोतवाली पुलिस ने अकरम पुत्र नीशू उर्फ अनीस, काला पुत्र इस्लाम निवासी मोहल्ला मुगलपुरा, साजिद पुत्र उमरद्दीन निवासी माता कॉलोनी, अकरम पुत्र शौकत निवासी महफूज कॉलोनी मुगलपुरा बागपत सहित 16 लोगों के खिलाफ धारा 3/11 पशु क्रूरता अधिनियम, 13ए एक्ट, 336 आईपीसी के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने अकरम पुत्र शौकत, काला और साजिद को गिरफ्तार किया। जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अकरम को कोतवाली से ही जमानत पर छोड़ दिया। जबकि काला और साजिद को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से दोनों को जेल भेजा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि घायल अवस्था में होने के कारण अकरम को जमानत पर छोड़ा गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।