बागपत। ई-रिक्शा से बैटरी चोरी के मामले में पुलिस के कार्रवाई नहीं करने से आहत लौहड्डा के एक व्यक्ति ने एसपी से परिवार सहित इच्छा मृत्यु मांगी है। वहीं तेड़ा के ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और जिस किशोर ने चोर को मौके से पकड़ा था, उसे ही उठाकर ले गई।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के लौहड्डा गांव निवासी रजनीश पुत्र कटारे ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 27 जुलाई को घर में 5-6 लोग ई-रिक्शा से बैटरी चोरी कर ले गए थे। कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार सहित भूखहड़ताल पर बैठ जाएगा। उसने एसपी से 15 अगस्त पर परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। एसपी जयप्रकाश ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं तेड़ा गांव के ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि गांव के नवाब पुत्र अख्तर के मकान से नगदी और जेवरात चोरी कर भागते समय चोर को गांव के ही 15 वर्षीय बिलाल ने पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने चोर की जमकर धुनाई की। लेकिन मौका पाकर चोर अपने घर में घुस गया। इस मामले मेें पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे जिस किशोर ने चोर को पकड़ा था, उसे उठा ले गई। पुलिस पीड़ित परिवार पर फैसले का दबाव बना रही है। ग्राम प्रधान भी उनकी आवाज दबाने का काम कर रहे हैं। उन्हें धमकियां मिल रही है। उन्होंने एसपी से निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। एसपी जयप्रकाश ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में मेहरद्दीन, फिरोज, नौशाद, नवाब, राकिब, वाजिद, कामिल, अहजाद, भूरा, अनीस आदि शामिल रहे।