बिनौली (बागपत)। हरियाणा के पंचकूला थाने की पुलिस ने बुधवार को बरनावा के डेरा आश्रम में छापा मारा और हिंसा के मामले में नामजद आरोपी पांच लाख के इनामी आदित्य इंसा की तलाश की और मौजूद सेवादारों से भी जानकारी ली।
पंचकूला शहर में भड़की हिंसा के मामले में थाना सेक्टर-5 में देशद्रोह सहित कई संगीन धाराओं में कई नामजद तथा सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ । कई आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि कई फरार चल रहे हैं। डेरा के प्रेस प्रवक्ता आदित्य इंसा अब तक फरार हैं, इस पर पांच लाख का इनाम बताया जा रहा है। पंचकूला के थाना सेक्टर-5 के एसएचओ इंस्पेक्टर अशोक कुमार, एसआई सुरेश कुमार, कांस्टेबल राजीव कुमार, केशव, अय्यूब और बलजीत आदि पुलिसकर्मियों के दल ने बरनावा स्थित डेरा आश्रम में छापा मारा। यह टीम पंचकूला हिंसा के मामले में आरोपी आदित्य इंसा व कई अन्य की तलाश में यहां आई, लेकिन पुलिस को यहां कोई आरोपी नहीं मिला। थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि पंचकूला से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में बरनावा डेरा आश्रम आई ।