बड़ौत (बागपत)।
चुनाव आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है और शनिवार से ही चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए नीति निर्धारित कर ली गई है। नगर पालिका कर्मचारियों ने शनिवार को नगर में सार्वजनिक और सरकारी स्थलों पर लगे संभावित प्रत्याशियों के होर्डिंग, बैनर और पोस्टर उतारे।
एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने पुलिस और पालिका कर्मचारियों के साथ दिल्ली रोड औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी से सार्वजनिक स्थलों, बिजली के खंभों और सरकारी स्थलों पर लगाए संभावित प्रत्याशियों के होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों को उतरवाया। यह कार्यक्रम छपरौली चुंगी तक चला। एसडीएम ने बताया कि पूरे नगर में लगाए गए होर्डिंग और पोस्टरों को उतरवाया जाएगा। यदि किसी ने फिर होर्डिंग और बैनर लगाए तो उनको नोटिस जारी कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश आ चुके हैं। उन पर सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उधर, चुनाव आचार संहिता लागू होते ही सभी पार्टियों से टिकट मांगने वाले संभावित प्रत्याशियों से दौड़ धूप शुरू कर दी है। सबसे ज्यादा लाइन बीजेपी का टिकट पाने वाले उम्मीदवारों की लाइन लगी है। अन्य पार्टी के पदाधिकारी भी कौन मजबूत प्रत्याशी हो सकता है, उसकी तलाश में जुटी है।