बागपत। डीआईजी लॉ एन आर्डर प्रवीण त्रिपाठी के निर्देश पर साइबर अपराधों को रोकने के लिए जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंक में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने बैंकों के आसपास खड़े संदिग्ध लोगों ने पूछताछ की।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने बैंक की सुरक्षा जांच के अंतर्गत सीसीटीवी कैमरे, बैंक गार्ड एवं शस्त्र फिटनेस, एटीएम सुरक्षा गार्ड, बैंक एटीएम धोखाधड़ी से निपटने के लिए बैंकों की तैयारी के बारे में जानकारी ली। सभी बैंक प्रबंधकों को उनकी शाखा में पाई गई कमियों के संबंध में अवगत कराते हुए सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने ग्राहकों के साथ एटीएम बैंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम चलाने के लिए अवगत कराया । इसके अतिरिक्त संबंधित थानों, चौकियों के द्वारा बैंकों एवं एटीएम के पास संदिग्ध एवं अवांछनीय व्यक्तियों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। बैंकों के आसपास चाय की दुकानों पर बैठे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शौकत मार्केट में स्थित एसबीआई बैंक शाखा का निरीक्षण किया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस ने पचास वारंटियों को पकड़ा
बागपत। रविवार की रात में पुलिस ने वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। एसपी ने बताया कि बागपत कोतवाली पुलिस ने 14 वारंटियों को गिरफ्तार किया। रमाला थाना पुलिस ने नौ वारंटी, दोघट, खेकड़ा, बिनौली व बालैनी थाना पुलिस ने पांच-पांच वारंटी, सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने तीन वारंटी, छपरौल्ी व चांदीनगर थाना पुलिस ने दो-दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा।