बागपत। जिला कारागार में मिले दो मोबाइलों ने राज उगलना शुरू कर दिया है। इनमें अलग-अलग दर्जनों नंबरों से सैकड़ों कॉल हो रही है। पुलिस गोपनीय रूप से नंबरों की जांच पड़ताल में लगी है। अपराधियों के परिजनों के नंबर भी खंगाले जा रहे हैं। जिन पर जेल से कॉल हुई है। इसलिए पुलिस बंदियों के साथ-साथ उनके परिजनों पर भी नकेल कसने की तैयारी में है।
बागपत जेल से कुख्यात सुनील राठी ने रुड़की के डॉक्टर एनडी अरोड़ा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी । इसकी गूंज यूपी - उत्तराखंड तक पहुंची । इसके अलावा भी कई अपराधी जेल से रंगदारी और धमकी भरी कॉल कर रहे हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए मेरठ कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर मेरठ के एडीएम (प्रशासन) सत्यप्रकाश पटेल और एसपी जय प्रकाश ने पांच दिसंबर को जेल में छापामारी की । इस दौरान जेल से एक स्मार्ट समेत दो मोबाइल, तीन चाकू, दो सुएं बरामद हुए । स्मार्ट फोन हाई सिक्योरिटी बैरक और दूसरा मोबाइल बाथरूम से मिला । खेकड़ा थाने में इसकी लिखा पढ़ी हुई । पुलिस अफसर गोपनीय रूप से जांच पड़ताल में लगे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सर्विलांस से पता चला है कि इन दोनों मोबाइल से अलग-अलग दर्जनों नंबरों से सैकड़ों कॉल हो रही हैं। जो बागपत के अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब में कॉल कर रखी है। पुलिस अपराधियों के परिजनों और सहयोगियों के भी मोबाइल नंबर खंगाल रही है, पता लगा रही है कि किस नंबर पर जेल से कॉल हुई है। पुलिस अफसर अपराधियों के साथ-साथ उनके परिजनों और साथियों पर भी नकेल कसने की तैयारी में है। हालांकि पुलिस अफसर यह प्रक्रिया गोपनीय बनाए हैं। उधर एसपी जय प्रकाश ने कहा जेल से मिले मोबाइलों की जांच चल रही है। कई अहम जानकारी मिली है। बंदियों के परिजनों के नंबरों की भी जांच चल रही है।