शोरूम में लूट के विरोध में सराय की दुकानों पर ताला
अमीनगर सराय (बागपत)। शोरूम लूट की वारदात के बाद कसबे के बाजार बंद रहे। व्यापारियों ने कहा कि खुलासा होने तक दुकानों के ताले नहीं खोले जाएंगे। मशाल जुलूस निकालकर अनिश्चिकालीन बाजार बंद की घोषणा की। दिनभर यहां लोगों की आवाजाही रही।
शुक्रवार को व्यापारी दुकानें बंद कर सड़कों पर उतर आए। व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि दुकानें नहीं खोली जाएगी। मुख्य बाजार में व्यापारी धरने पर बैठ गए। एसपी डी प्रदीप कुमार, एएसपी संजीव सुमन, एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव और सीओ दिलीप कुमार ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा। लेकिन व्यापारी इससे संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना है कि जब तक केस का खुलासा नहीं होगा, बाजार बंद रहेगा। चेयरमैन मांगेराम यादव ने कहा कि जिस तरह वारदात हुई वह व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा का रही है। नाराज व्यापारियों ने मशाल जुलूस निकाला। अभिमन्यु गुप्ता, ईश्वर दयाल अग्रवाल, विनोद जैन, राकेश, अंकित वर्मा, छोटू जैन, सुनील जैन मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं का लगा रहा जमावड़ा
अमीनगर सराय। भाजपा के बड़ौत विधायक केपी मलिक, संघ कार्यकारिणी सदस्य नीरज शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय खोखर के अलावा गाजियाबाद के व्यापारी नेता अशोक सिंघल कस्बा में पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को पूरा सहयोग दिया। जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और वारदात का खुलासा होना चाहिए। उन्होंने एसपी डी प्रदीप कुमार से कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के भी प्रबंध किए जाने चाहिए।
सराय में दिनभर जांच, नतीजा सिफर
अमीनगर सराय। कस्बा छावनी में तब्दील रहा। पुलिस और पीएसी तैनात रही। एसपी डी प्रदीप कुमार और गाजियाबाद के एसपी क्राइम राशिद खान, एसडीएम विवेक कुमार यादव, सीओ दिलीप सिंह कस्बा में डेरा डाले रहे। दिनभर पुलिस की टीमें पीड़ित कारोबारी के घर और दुकान पर जमा रही, लेकिन अभी तक महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगे हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली
अमीनगर सराय। पुलिस अफसरों ने सराफ विपुल जैन के शोरूम के अलावा अन्य दुकानों की भी फुटेज खंगाली। इस दौरान कई लोगों से बदमाशों के बारे में जानकारी ली।