जीआरपी ने चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन से दो व्यक्तियों के पास से विदेशी करेंसी और 32 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए। पता चला है कि युवक एक ज्वैलर्स की नकदी और जेवरात को दिल्ली दूसरे ज्वैलर्स के पास पहुंचाने जा रहे थे। जीआरपी ने नकदी को सीज कर सूचना आयकर विभाग को दे दी है।
बृहस्पतिवार की रात रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को देख सकपकाए दो व्यक्तियों पर क्यूआरटी टीम प्रभारी अनुराग अवस्थी और क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय सिंह को शक हुआ। उन्होंने दोनों के बैग की जांच की। जांच में बैग के अंदर नोटों की गड्डियां देख सभी हतप्रभ रह गए। बैग में 500- 500 नोटों की गड्डियों 32 लाख रुपये नकद, 20 हजार यूरो डॉलर, चार सोने की चूड़ियां, दो सोने के हार, पांच कान के कुंडल रखे हुए थे। युवकों ने अपने नाम सीपरी बाजार क्षेत्र के न्यू रायगंज निवासी विजय कुमार और प्रेमनगर निवासी बाबूलाल शर्मा बताए। जब वे माल के संबंध में कागजात नहीं दिखा सके तो उनको थाने लाया गया।
इस मामले में एसी (रेलवे) डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों व्यक्ति शहर में स्थित वर्षा ज्वैलर्स के यहां काम करते हैं। उनका कहना है कि वे यह माल दिल्ली के चांदनी चौक स्थित जीआर ज्वैलर्स पर देने जा रहे थे। पहले भी इसी तरह माल ले जा चुके हैं। माल को सीज कर दोनों को छोड़ दिया गया। इस बात की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई वहीं करेेंगे।