बड़ौत (बागपत) ।
मलकपुर चीनी मिल में क्रेन की मरम्मत का काम करते समय कर्मचारी की मौत के मामले में मृतक के भाई ने इंजीनियर सहित मिल प्रबंधन की लापरवाही का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को मलकपुर चीनी मिल में इंजीनियर धर्मेंद्र श्रीवास्तव के साथ शराफत पुत्र अख्तर कोर्ट रोड बागपत मिल की क्रेन की चेन चेक कर रहे थे, उसी दौरान क्रेन चलने से शराफत की मौत हो गई । इसे लेकर शराफत के परिजनों ने मिल प्रशासन पर आरोप लगाए थे और काफी हंगामे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शनिवार देर रात्रि शराफत के भाई शखावत पुत्र अख्तर ने इंजीनियर धर्मेंद्र श्रीवास्तव और मिल प्रशासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसआई रमेश ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।