सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की हालत में सुधार, पुलिस दर्ज कराएगी बयान
बागपत। जिला अस्पताल में भर्ती सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के स्वस्थ होने की रिपोर्ट चिकित्सकों ने पुलिस को भेज दी है। शनिवार को छात्रा के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जा सकते हैं। पुलिस सुरक्षा में पीड़ित छात्रा अस्पताल में भर्ती है।
जिला अस्पताल में 15 अक्तूबर की रात बुखार से पीड़ित नर्सिंग से छात्रा से वार्ड ब्वाय यतेंद्र शर्मा उर्फ भूरा और प्रशिक्षु फार्मेसिस्ट दिलशाद ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले मेें पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल चुकी है। पुलिस मामले जांच कर रही है। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा द्वारा गठित टीम की जांच रिपोर्ट में सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा और घटना के वक्त इमजरेंसी में तैनात डॉ. भुपेंद्र की लापरवाही सामने आ चुकी है। सीएमओ ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है। पीड़ित छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस सुरक्षा में छात्रा जनरल वार्ड में भर्ती है।
छात्रा का इलाज कर रहे डॉ. राजेश कुमार ने बताया पीड़िता अब स्वस्थ है। उसकी सभी जांच पूरी हो चुकी है। पुलिस अफसरों को छात्रा की रिपोर्ट भेज दी गई है। वहीं पुलिस शनिवार को पीड़ित छात्रा के न्यायालय में 164 के बयान दर्ज करा सकती है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि छुट्टी होने के कारण अभी पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज नहीं कराए गए हैं।