चांदीनगर (बागपत)। लहचौड़ा-बड़ागांव मार्ग पर सरकारी नलकूप के पास छह सशस्त्र बदमाशों ने दिन दहाड़े दंपति को खेत में बंधक बनाकर लूटपाट की। बाद में धमकी देकर चले गए। पता चलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने बदमाशों की जंगल में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लहचौड़ा निवासी मोनू अपनी पत्नी सीमा के साथ खेकड़ा में डॉक्टर से दवाई लेने के बाद बाइक से सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे अपने घर लौट रहा था। जैसे ही सरकारी नलकूप के पास पहुंचे, तभी छह बदमाशों ने बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। बदमाश मोनू और सीमा को खेत में ले गए, वहां पर दोनों को बंधक बना दिया। बाद में उनसे आठ हजार रुपये नगद, मोबाइल, सोने के कुंडल, नाक का आभूषण, पाजेब और बाइक लूटकर ले गए। धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ितों ने बंधक मुक्त होकर राहगीरों को घटना की जानकारी दी। मौके पर काफी लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक हुई। थाना पुलिस का कहना है कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।