बड़ौत (बागपत)। खेड़ा-इस्लामपुर गांव में मंगलवार की रात बच्चों के खेलने को लेकर हुए विवाद में दलित परिवार के घर में घुसकर 10-12 लोगों ने हमला बोल दिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अंधाधुंध फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। मौके से पुलिस को दो खोखे भी मिले हैं। इस संबंध में कोतवाली में मामला दर्ज कराया है और घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया है।
खेड़ा-इस्लामपुर गांव में लख्मी दलित के परिवार के बच्चों का खेलते समय दूसरी बिरादरी के बच्चों से खेलते समय झगड़ा हो गया था। बाद में ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर मामला शांत किया था। लेकिन मंगलवार की रात लख्मी के मकान पर दूसरे जाति के हथियारबंद 10-12 लोगों ने हमला बोल दिया। वहां जमकर पथराव किया गया और अंधाधुंध फायरिंग भी हुई। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो हमलावर वहां से भाग निकले। लख्मी को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। घायल के भतीजे सचिन पुत्र राजेंद्र ने पांच को नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।