अमीनगर सराय (बागपत)।
सैड़भर गांव में बुधवार की रात में शराब पीकर घर पहुंचे कक्षा दस के छात्र को पिता ने डांट दिया। इससे क्षुब्ध होकर छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार की सुबह खेत में पेड़ पर छात्र का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सैड़भर गांव निवासी रितिक (16) पुत्र तेजपाल अमीनगर सराय के शील चंद इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र था। पिता तेजपाल ने बताया कि बुधवार की रात में रितिक शराब पीकर घर आया तो उन्होंने उसे डांट दिया। पिता की डांट से क्षुब्ध होकर वह रात में ही घर से निकल गया। बृहस्पतिवार की सुबह गांव के सत्यवीर यादव के खेत में पेड़ पर छात्र का शव लटका मिला। शॉल से फांसी का फंदा लगाया मिला। सूचना पर सिंघावली अहीर थाना पुलिस पहुंची और छात्र के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्र की मौत पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर शोक संवेदना देने वालों की भीड़ लगी है । एसएसआई मदन पाल ने बताया कि छात्र की फांसी लगाकर आत्महत्या की। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।