बागपत। बिहारीपुर गांव के निकट ईंट भट्ठे पर छेड़छाड़ दलित युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। चार लोगों ने मां के सामने ही युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मां-बेटी को मारपीट कर घायल कर दिया। किसी तरह दोनों वहां से भागकर कोतवाली पहुंची। महिला ने चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुजफ्फरनगर निवासी एक दलित परिवार बिहारीपुर गांव के निकट ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। शुक्रवार की दोपहर दो बजे उसकी पत्नी और बेटी भट्ठे पर काम कर रहे थे। इसी दौरान लाखन पुत्र राजेंद्र अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसकी मां ने छेड़छाड़ करने से मना किया तो चारों लोगों ने दोनों मां-बेटी की पिटाई की। इतना ही नहीं युवती के कपड़े फाड़ने की कोशिश की। साथ ही उन्हें जाति सूचक शब्द भी कहे। आरोपियों जाते जाते कहा दोनों को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। किसी तरह दोनों मां-बेटी भट्ठे से भाग निकली और कोतवाली बागपत में पहुंची। मां ने लाखन सहित चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया । पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की। मामले की जांच सीओ बागपत करेंगे। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।