बागपत। दो युवकों ने छात्रा की मां के साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर मारपीट कर मारने की धमकी दी। पता चलने पर महिला के बेटे ने उनको पकड़ने का प्रयास किया तो उस पर पत्थर बरसा दिया। बाद में लोगों ने आरोपियों को डाकघर से पकड़कर पुलिस को सौंपा।
कोतवाली क्षेत्र की महिला ने बताया कि उसकी बेटी एलएलबी की छात्रा है। पहले एक युवक उसकी बेटी के साथ पढ़ता था। उसका घर पर आना-जाना हो गया । आरोपी ने उसकी बेटी को नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए उसके शैक्षिक प्रमाण पत्र ले लिए। नौकरी न लगी तो बेटी ने अपने प्रमाणपत्र वापस मांगे। आरोपी ने फोन पर बेटे के साथ गाली-गलौज कर धमकी दी । आरोप है कि आरोपी युवक अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार की रात में उनके मकान में पहुंचा और उसकी बेटी का नाम लेकर आवाज लगाने लगा। उसे रिश्तेदारी में बेटी को जाना बताया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बेटे ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो उस पर पत्थर बरसा दिए। आरोपी डाकघर में आकर घुस गए । आसपास के लोगों ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया और सूचना देकर पुलिस को सौंप दिया। इनमें से एक युवक एंबुलेंस चलाता है। उसने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।