अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर।
गुमड़ रोड पर बुधवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
12 दिसंबर को यूपी के बागपत का रहने वाला कपिल अपने मामा ब्रिज कुमार के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। 13 दिसंबर को कपिल अपने मामा ब्रिज कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर गन्नौर शहर की तरफ आया था। जब वे वापस लौट रहे थे तो गुमड़ रोड पर तेज गति से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया था। जिससे कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। जब ब्रिज कुमार ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर उसका नाम पूछा तो उसने अपनी पहचान सफीदों के पाजु खुर्द गांव निवासी राजेश के रूप में दी। बाद में राजेश मौका देखकर फरार हो गया था। ब्रिज कुमार ने कपिल को इलाज के लिए शहर एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। बाद में उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान कपिल ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।