खेकड़ा (बागपत)। बुधवार की रात में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप हेडरा क्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें मुर्गी से लदे कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे कैंटर पलट गया और उसमें आग लग गई। चालक और हेल्पर ने कैंटर से कूदकर जान बचाई। आग लगने से करीब चार लाख रुपये कीमत की 40 क्विंटल मुर्गियां जिंदा जल गईं। बाद में सूचना मिलने पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
हरियाणा निवासी कैंटर चालक रहीस अपने हेल्पर अली हसन के साथ बुुधवार रात्रि करीब दो बजे आयशर कैंटर में लगभग 40 क्विंटल मुर्गियां लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से होकर संभल जा रहा था। जब वह एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप पहुंचा। तभी अचानक कैंटर के सामने हेडरा क्रेन अनियंत्रित होकर पलट गई। क्रेन से टक्कर के बाद कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई। चालक रहीस व हेल्पर अली हसन ने किसी तरह कूदकर जान बचाईं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से एक्सप्रेस वे से गुजर रहे वाहनों में अफरा तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। आग लगने से कैंटर आग का गोला बन गया और कैंटर में लदी 40 क्विंटल मुर्गियां जल गईं, इनकी कीमत चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पहुंचे फायर कर्मी जयप्रकाश सिंह, अमरजीत सोम, बिट्टू, मोहित आदि ने कई घंटे का अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। इसके बाद एक्सप्रेस पर तैनात कर्मचारियों ने कैंटर को मार्ग किनारे खड़ा कराया। इसके बाद एक्सप्रेस वे पर वाहनों का आवागमन हो सका। सूचना मिलने पर संभल निवासी कैंटर मालिक रिजवान भी मौके पर पहुंच गया।