बागपत। मीतली गांव में मंगलवार को मिले गोवंश के अवशेष के मामले में चौकीदार ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पशु पालन विभाग ने अवशेष का सैंपल लेकर फोरेंसिक लैब मथुरा में जांच के लिए भेजा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार को शाम के समय मीतली गांव के जंगल में श्मशान घाट के पास गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष पड़ा मिले थे। ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताई थी। सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और पशु पालन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पशु पालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवशेष का सैंपल लेकर चली गई। ग्रामीणों ने गोवंश के अवशेषों को मिट्टी में दबा दिया था। बुधवार को इस मामले में गांव के चौकीदार सरजीत सिंह ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम एवं पशु क्रूरता का निवारण अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध ने बताया कि मौके से मिले सैंपल लेकर फोरेंसिक लैब मथुरा में जांच के लिए भेजा।