अमीनगर सराय (बागपत)। सुमित एनकाउंटर मामले में विधान परिषद के सभापति की ओर से सरकार को सीबीआई जांच कराने की बात कहे जाने के बाद चिरचिटा में मीटिंग हुई। सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह इंसाफ की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
बुधवार को चिरचिटा गांव में बैठक हुई। तीन अक्तूबर को नोएडा पुलिस द्वारा चिरचिटा गाँव निवासी सुमित गुर्जर का एनकाउंटर के मामले में सीबीआई जांच पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा एनकाउंटर फर्जी था और सीबीआई जांच से ही सच खुलेगा। सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने प्रदेश सरकार को तीन एनकाउंटरों की सीबीआई जांच कराने के निर्देश दिए, इसमें सुमित एनकाउंटर मामला भी शामिल था। चिरचिटा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि प्रदेश सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन वह इंसाफ की लड़ाई लड़ते रहेंगे। सुमित के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। ग्राम प्रधान मलखान सिंह, कर्म सिंह, नीरज, प्रवीण कुमार, मास्टर होशराम, चेतराम, महावीर सिंह, राजू, गोपी मौजूद रहे