बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राष्ट्र वंदना चौक पर रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला अपने बच्चे के अपहरण की बात कहते हुए चिल्लाने लगी। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर युवक को दबोचा तो मामला दंपति के बीच विवाद का निकला। बाद में पुलिस ने दोनों को हिदायत देते हुए वहां से भेज दिया।
रविवार सुबह राष्ट्र वंदना चौक पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला पुलिसकर्मियों के पास बिलखते हुए पहुंची। महिला चिल्ला रही थी कि एक युवक उसका बच्चा छीनकर भाग गया है। पुलिसकर्मियों ने भाग कर युवक को दबोचा। लेकिन जैसे ही पुलिस युवक की गोद से बच्चे को ले जाने लगे तो युवक ने बताया कि यह तो उसका बेटा है। पुलिस के मुताबिक बच्चे के अपहरण का मामला नहीं था बल्कि पति और पत्नी में विवाद ही सामने आया है।