बड़ौत (बागपत)।
पुजारी हत्याकांड में चार दिन बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा पाई है। इसके खुलासे की मांग को लेकर रविवार की देर रात कमला नगर मोहल्ले वासियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस का घेराव किया और शीघ्र खुलासा न होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। पुलिस ने शीघ्र घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को अमीनगर सराय रोड पर खेत में गर्दन कटी लाश मिली और 50 मीटर दूर खेत में उसकी सिर पड़ा मिला। बाद में उसका शिनाख्त विनोद पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी कमला नगर बड़ौत के रूप में हुई , जो पूजा पाठ करने का काम करता था। इस मामले में बेटे विनेश ने अज्ञात में मामला दर्ज कराया । इस मामले में चार दिन बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा पाई है। इस हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर रविवार की देर रात मृतक के परिजन कमला नगर मोहल्ले वासियों के साथ कोतवाली पहुंचे और इंस्पेक्टर का घेराव किया। परिजनों ने कहा पुजारी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसके हत्यारों का पता लगाया जाए। उन्होंने कहा यदि शीघ्र घटना का खुलासा नहीं किया तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस पर कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही इसका खुलासा होगा। इनमें विनोद, रजनी, राजेश, अमित, कृष्णा शर्मा, रोजराम, रामनिवास, राधेश्याम शर्मा, राकेश शर्मा, विनीत, विनेश, दिनेश आदि शामिल रहे।