बागपत। कमाला गांव में मकान में सो रहे युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये की चोरी के मामले में पीड़ित परिजन ग्रामीणों के साथ एसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एएसपी से चोरी करने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की ।
कमाला गांव निवासी ओमपाल सिंह ने कहा वह 19 नवंबर की रात में मकान में सो रहा था। छत पर बने एक कमरे में उसका बेटा सौरभ और दूसरे कमरे में पत्नी सुरेश देवी और पुत्री सो रही थी। चोरों ने सौरभ को नशीला पदार्थ सुंघाकर कमरे से 1.10 लाख रुपये नगद, 11 तौला सोने और 18 तौला चांदी के आभूषण चोरी किए। 20 तारीख की सुबह को चोरी का पता चला । बेहोशी की हालत में सौरभ को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया । बाद में जानकारी हुई कि मकान से गांव के ही एक व्यक्ति ने चोरी की है। इसकी सिंघावली अहीर थाने में शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उसने भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में ग्रामीणों के साथ एसपी दफ्तर पर पहुंचकर एएसपी से शिकायत की और आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की। इस मौके पर ओमपाल, धर्मेंद्र, परसा राम, लीलू आदि रहे। एएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।