एंटी भूमाफिया टीम ने बुधवार को दौलतपुर और सिसाना गांव में तालाब की भूमि का सीमांकन किया। जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों के मकानों पर लाल निशान लगाए। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया।
पिलाना क्षेत्र के एंटी भूमाफिया टीम के प्रभारी कानूनगो कुलदीप राठी के नेतृत्व में टीम दौलतपुर गांव पहुंची। तालाब की भूमि की पैमाइश की गई तो कब्जा मिला। टीम ने बताया कि यहां लोगों ने बड़े-बड़े घर और घेर बनाए हुए थे। कानूनगो ने बताया कि पैमाइश पूरी करने के बाद जब लेखपाल ने मकानों पर निशान लगाना शुरू किया तो लोगों ने इसका विरोध किया। कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया गया। हंगामा बढ़ा तो गांव के गणमान्य लोग पहुंचे और कार्य का विरोध कर रहे लोगों को शांत कराया। इसके बाद करीब एक दर्जन मकानों पर निशान लगाए गए। कानूनगो ने बताया कि इसके अलावा एक अन्य तालाब की भी पैमाइश की गई, जिस पर किसी का कब्जा नहीं था। लोगों को चेतावनी दी सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उनके साथ लेखपाल अमित शर्मा, प्रदीप राणा, धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र गुप्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बागपत क्षेत्र की एंटी भूमाफिया सैल प्रभारी कानूनगो रोहित तोमर के नेतृत्व में टीम ने सिसाना में तालाब की भूमि को चिह्नित किया। सीमांकन के दौरान जमीन पर कब्जा करने वालों लोगों के घरों पर लाल निशान लगाए, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। टीम के साथ नोकझोंक की। काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए। उनके साथ लेखपाल विनोद शर्मा, श्यामपाल राठी, संजीव जैन, सुशील शर्मा, मुकेश यादव मौजूद रहे।