बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास पांच-छह युवकों ने एक छात्र का नाम पूछा, मोबाइल से फोटो खींचे और इसके बाद उसे पीटकर अधमरा कर दिया। जाते समय युवक उसका मोबाइल भी ले गए। घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। उसने कोतवाली में दो के नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।
घायल अश्वनी कुमार पुत्र प्रेमपाल सिंह लूंब गांव का रहने वाला है। वह कक्षा 12 पास करने के बाद वायु सेना में नंबर आने के बाद आंखों का मेडिकल कराने के लिये बड़ौत आया था। जब वह कोताना रोड पर एक आंखों के चिकित्सक से मेडिकल कराकर बस के इंतजार में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो पांच-छह युवकों ने उसे घेर लिया। पहले उसका नाम पूछा फिर उसका मोबाइल से फोटो भी लिया। इसके बाद लकड़ी के फट्टों से पीटकर अधमरा कर उसका मोबाइल छीनकर भाग निकले।