बिनौली(बागपत)।
धनौरा सिल्वर नगर गांव के विद्युत उप केंद्र में तैनात एसएसओ की लापरवाही के कारण एक संविदा कर्मी लाइनमैन करंट लगने से झुलस गया। उसे दिल्ली रेफर किया। गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत उप केंद्र में एसएसओ के खिलाफ प्रदर्शन किया।
धनौरा सिल्वर नगर गांव में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर गांव का ही काला शर्मा पुत्र धूम सिंह संविदा कर्मी लाइनमैन के पद पर तैनात है। सोमवार को गांव बिजली की लाइन में कुछ खराबी आ गई। लाइनमैन काला ने विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ राकेश कुमार स्वामी से लाइन ठीक करने के लिए बताया और बिजली बंद कराकर चला गया। कुछ देर बाद गांव में पहुंचकर लाइनमैन ने खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करनी शुरू ही की, तभी बिजली आ गई और खंभे पर चढ़े लाइनमैन को बिजली का करंट लगा और वह खंभे से नीचे आ गिरा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन फानन में उसे बड़ौत के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, वहां के डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर किया। एसएसओ की लापरवाही से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और ऊर्जा निगम के अधिकारियों से लापरवाह एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। घटना के संबंध में विद्युत उपकेंद्र एसएसओ और जेई से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले।