पिलाना (बागपत)। बालैनी थाना क्षेत्र के रोशनगढ़ गांव के जंगल में नलकूप पर शट डाउन लेकर हाईटेंशन विद्युत लाइन ठीक कर रहे संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि दूसरा लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पिलाना सीएचसी से मेरठ रेफर किया। लाइनमैन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
पिलाना गांव निवासी मुकेश (45) पुत्र केहर सिंह संविदा लाइनमैन है। वह 20 साल से गांव में बिजलीघर में तैनात है। बुधवार को रोशनगढ़ में किसान महेश के नलकूप पर हाईटेंशन विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया। संविदा लाइनमैन मुकेेश व जान मोहम्मद बिजली घर से शट डाउन लेकर फाल्ट ठीक करने चले गए। जब वे फाल्ट ठीक कर रहे थे तो लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगने से दोनों लाइनमैन नीचे गिर गए। किसानों ने दोनों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने मुकेश को जिला अस्पताल और घायल जान मोहम्मद को मेरठ रेफर किया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मीमो भेजकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लाइनमैन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने बताया कि उसके चार बेटी और एक बेटा है। घर की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। पति की मौैत के बाद वह परिवार का पालन पोषण कैसे करेगी।
होली पर पसरा मातम
पिलाना। होली के दिन गांव में संविदा लाइनमैन की मौत से मातम पसर गया। पत्नी संगीता होली की पूजा करके घर लौटी तो पति की मौत की जानकारी मिली। होली की खुशी गम में बदल गई। ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।