बागपत। जीएनएम नर्सिंग की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते नजर आए। आरोपी वार्ड ब्वाय ने साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है।
आरोपी यतेंद्र शर्मा उर्फ भूरा ने बताया कि छात्रा रिश्ते में उसकी भतीजी लगती है। वह दो बच्चों का पिता है। सात साल से अस्पताल में कार्यरत है। छात्रा ने साजिश में उसे फंसाया है। यह भी आरोप लगाया कि डी-फार्मा प्रशिक्षु दिलशाद ने नशे का इंजेक्शन देकर छात्रा से रेप किया है। उसने आरोप लगाया कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर सो रहे थे। वह चिकित्सक को तीन बार उठाने गया, लेकिन चिकित्सक नहीं आए। इस मामले में उसे झूठा फंसाया गया है।
आरोपी दिलशाद ने बताया कि वार्ड ब्वॉय यतेंद्र शर्मा उर्फ भूरा व छात्रा के बीच काफी दिन से संपर्क था। यह भी कहा कि छात्रा बीमारी का बहाना बनाकर आठ माह में 15-16 बार अस्पताल में भर्ती हो चुकी है। रात्रि में दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसे झूठा फंसाया जा रहा है।