बड़ौत (बागपत)। बदमाश दिल्ली रोड स्थित गैस गोदाम के पास रखा 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए, इसकी कीमत साढे़ चार लाख बताई जा रही है। ट्रांसफार्मर चोरी होने से इससे जुडे़ मोहल्लों में सप्लाई ठप हो गई है। उधर सुरक्षा की दृष्टि से अधिशासी अभियंता ने मुख्य मार्गों पर रखे कई अस्थाई ट्रांसफार्मरों को कार्यालय पर मंगवाया है।
अवर अभियंता आलोक कुमार ने कोतवाली पर तहरीर में बताया कि दो दिन पहले बदमाश दिल्ली रोड स्थित गैस गोदाम के पास रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। जिस कारण इस ट्रांसफार्मर से जुडे़ मोहल्लों में सप्लाई ठप हो गई है। बिजली संकट से जूझ रहे लोगों ने इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की। लोगों की समस्याओं को देखते हुए वहां पर अस्थाई ट्रांसफार्मर रखकर सप्लाई सुचारु करा दी गई है। उधर ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के मद्देनजर नगर मेें मुख्य मार्गों पर रखे अस्थायी ट्रांसफार्मरों को अधिशासी अभियंता प्रथम गोपाल सिंह ने कार्यालय पर मंगवाया है, ताकि ट्रांसफार्मर चोरी न हो सके।
मांग की
बड़ौत। तालाब की खुदाई व सफाई की मांग को लेकर मंगलवार को वाजिदपुर गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम से शिकायत की और कार्रवाई की मांग उठाई। इस अवसर पर साहब सिंह, सुधीर, पंकज, धीर सिंह, नरेंद्र, रामबीर, देशपाल आदि शामिल रहे।
एसपी ने कोतवाली का किया निरीक्षण
बड़ौत। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के सख्त निर्देश दिए, वहीं लावारिस वाहनों व अभिलेखों का बारीकियों से जांच की। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से ईमानदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ रामानंद कुशवाहा भी उपस्थित रहे।