गाधी गांव से कार सवार चार-पांच युवक विवाहिता को जबरन घर से उठाकर ले गए। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी दी। कार में सवार युवक हरियाणा पुलिस के सिपाही बताए गए हैं। घरेलू विवाद के चलते महिला पांच साल बाद पति के पास आई। परिजनों ने पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
गाधी गांव निवासी संजय पुत्र नत्थू राम ने बताया कि 2005 में मीतली गांव निवासी गीता से उसकी शादी हुई। 2013 में दंपति में विवाद हो गया । गीता घर से छोड़कर चली गई और सोनीपत में प्राइवेट नौकरी करने लगी। 30 सितंबर को वह स्वयं ही वापस गाधी गांव में पति के पास आ गई। पति ने उसे स्वीकार कर लिया। अब दोनों खुशी से रह रहे थे। रविवार की शाम बिना नंबर की कार में सवार चार-पांच युवक घर पहुंचे। उनके साथ एक महिला भी थी। कार सवार युवक गीता को जबरन उठाकर ले गए। इस दौरान परिवार के लोग मजदूरी पर गए हुए थे। घर पहुंचने पर उन्हें मामले की जानकारी मिली। परिवार के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि हरियाणा के सोनीपत पुलिस महिला को किसी मामले में उठाकर ले गई है। परिजनों ने पुलिस ने सच्चाई पता कर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सोनीपत पुलिस द्वारा महिला को पूछताछ के लिए ले जाने की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है।