किशोर को जंजीर में जकड़ने पर कोतवाल को नोटिस
बागपत। बड़ौत कोतवाली में एक किशोर को दो दिन तक जंजीर में जकड़े रखा गया। इस पर न्यायपीठ बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लेते हुए कोतवाल को नोटिस जारी किया है।
बता दें कि बड़ौत के एक मेडिकल स्टोर संचालक का बैग गायब हो गया था। बैग उठाने के आरोप में शामली के झिझाना थाना क्षेत्र के एक गांव के एक किशोर को तीन दिन पूर्व पुलिस कोतवाली ले आई थी। उसे हथकड़ी बांधकर जीडी कार्यालय में बैठा दिया था। वह पुलिस से छोड़ने की गुहार लगा रहा था। लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। बाद में मीडियाकर्मियों ने उसे कैमरे में कैद कर लिया था। पता चलने पर पुलिस ने आननफानन में उसकी हथकड़ी छोड़ी। इसी मामले के संज्ञान में आने पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव यादव ने बड़ौत कोतवाल को नोटिस जारी किया है।