बागपत। बिनौली क्षेत्र के गांव अंगदपुर के मदरसे के फर्जीवाड़े में एफआर लगाने के मामले में बिनौली एसओ पर कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बावजूद एसओ ने केस में एफआर लगाकर रिपोर्ट को सीजेएम कोर्ट में पेश कर दिया। कोर्ट ने संज्ञान लेकर विवेचक के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीजीपी को पत्र लिखा है।
अंगदपुर गांव में मोहम्मद नसीम ने फर्जी मदरसा चला रखा था। गांव के लोगों ने दो साल पहले इसकी शिकायत अफसरों से की । डीएम ने जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया। जांच में मदरसा फर्जी पाया । इस मामले में बिनौली थाने में आरोपी नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ । केस की विवेचना बिनौली थाना एसओ चंद्रकांत पांडेय कर रहे थे। अफसरों की जांच में फर्जी मदरसा दर्शाने के बाद भी एसओ ने अपनी जांच के बाद केस में एफआर लगा दी और रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी।
इस पर कोर्ट ने संज्ञान लिया और माना जा रहा है विवेचक ने आरोपी को लाभ देने के लिए ऐसा किया है। कोर्ट ने विवेचक के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीजीपी को पत्र लिखा है। उधर, विवेचक चंद्रकांत पांडेय ने कहा तफ्तीश करने के बाद ही केस में एफआर लगाई गई है।