बागपत। कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव में दो पक्ष मामूली बात को लेकर आपस में भिड़ गए। जहां दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर मामला शांत कराया तथा तथा घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव में सतवीर और नरेश पक्ष में मामूली विवाद को लेकर कहासुनी हो गई, जहां देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। सतबीर पुत्र तोताराम पक्ष ने बताया कि वह अपने घर से खेत पर काम करने के लिए जा रहे थे, जहां बीच रास्ते में नरेश पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली गलौच शुरू कर दी। वही नरेश पक्ष के लोगों का कहना है कि वह अपने घर में काम कर रहे थे, इसी दौरान सतबीर पक्ष के कई लोग उनके घर में घुस गए और महिलाओं समेत कई पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों पक्षों से सतवीर सिंह, यशपाल, अनीता पत्नी यशपाल व अंकित पुत्र यशपाल तथा दूसरे पक्ष से नरेश व उसकी पत्नी ओमबती घायल हो गई। पुलिस ने घायलों का बागपत सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दे दी है, मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।