बागपत। जिले में पुलिस कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों की सुरक्षा से निपटने के लिए सतर्क हो गई है। कांवड़ यात्रा के मार्ग पर मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा तेज आवाज में डीजी बजाने पर भी रोक रहेगी।
श्रावण का महीना शुरू हो चुका है। शिव भक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर गंतव्य की ओर निकल चुके हैं। इनकी सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इस बार श्रावण में ज्यादा संख्या में कांवड़ियों के आने की संभावना को देखकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं कांवड़ यात्रा के लिए रेलवे ने भी स्टेशनों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं। सभी ट्रेनों में जीआरपी व आरपीएफ की पैनी नजर रहेगी। पुरा महादेव मंदिर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कांवड़ यात्रा पर लखनऊ से अधिकारी नजर रखेंगे। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शराब व मांस की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार कम आवाज पर जरूर डीजे बजाया जा सकेगा, लेकिन इसके लिए जिला प्रशासन से पहले अनुमति लेनी होगी।
आएएफ और पुलिस बल ने किया फ्लैग मार्च
बागपत। कांवड़ मेले और यात्रा को लेकर बागपत पुलिस और प्रशासन ने अपनी सभी तैयारी कर ली है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस ने मिलकर कई स्थानों पर फ्लैग मार्च किया। साथ ही लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की । पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी सूरत में असामाजिक तत्वों को बक्शा नहीं जाएगा। दूसरी तरफ खुफिया एजेंसियों ने भी बागपत में डेरा जमा लिया है।
शांति भंग करने वालों नहीं बक्शा जाएगा- एएसपी
बागपत। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने असामाजिक तत्वों को चेताया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों को नहीं बक्शा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने उपद्रवी लोगों की जानकारी पुलिस को देने के लिए लोगों से कहा है। अलर्ट को देखकर स्थानी. खुफिया एजेंसी भी हरकत में आ गई है। जनपद के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। जिले के आला अधिकारी भी सुरक्षा की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।