बड़ौत (बागपत)। शहर के न्यू रामनगर में एमसीडी कर्मचारी के घर पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां बरसा दी। इससे कर्मचारी, उसकी पत्नी और बेटा बाल-बाल बच गए। पीड़ित परिवार अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचा और मुकदमा दर्ज कराया। पुरानी रंजिश को फायरिंग की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बिनौली रोड स्थित न्यू रामनगर निवासी टिंकू दिल्ली में एमसीडी कर्मचारी है। बुधवार की रात में करीब साढे़ आठ बजे वह अपनी पत्नी बबीता और बेटे दीपक के साथ घर में बैठा था। इस बीच बाइक पर सवार होकर आए चार हमलावरों ने उसके घर पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही कॉलोनी में भगदड़ मच गई। गलियों में टहल रहे लोग अपने-अपने घरों में छिप गए। पीड़ित परिवार ने भी किसी तरह अपनी जान बचाई। कुछ देर बार हमलावर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घर में पहुंचकर वारदात की जानकारी ली। करीब एक घंटे बाद पीड़ित टिंकू ने कोतवाली में पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर हरेराम यादव ने कहा तहरीर मिल गई है। इसमें वरूण लुहारी समेत दो नामजद और दो अज्ञात दर्शाए हैं। पुरानी रंजिश की वजह अभी तक सामने आई है। वरूण लुहारी पिछले दिनों ही जेल से छूटकर आया है। पुलिस ने व्यापारी के घर सुरक्षा तैनात कर दी।