दोघट। क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली मूकबधिर किशोरी के साथ 50 साल के अधेड़ ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। अधेड़ पर किशोरी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसमें तहरीर मिलने पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और सोमवार को आरोपी असगर उर्फ भट्टी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह शनिवार को मजदूरी करने गया था, जबकि परिवार वाले भी गांव में चले गए थे और उसकी नाबालिग मूकबधिर बेटी घर में अकेली थी। आरोप लगाया कि गांव का रहने वाला व्यक्ति असगर उसकी बेटी को अकेली देखकर घर में घुस गया। आरोप लगाया कि असगर ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया, जिसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। घर आए परिजनों को बेटी ने पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में उसका मेडिकल कराया। इस मामले में सीओ अंशु जैन का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।