बागपत। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने रविवार को समिति के केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर स्टॉक चेक किया। जांच में पीओएस के अनुसार यूरिया का स्टॉक ठीक मिला। उन्होंने बताया कि इस बार पिछले वर्ष से अधिक यूरिया का वितरण हो चुका है। जिले की समितियों पर स्टॉक पर्याप्त मात्रा में है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता मोहसिन जमील ने रविवार को काठा, रटौल, हिसावदा केंद्रों पर यूरिया के स्टॉक की जांच की। उन्होंने समिति के रजिस्ट्रार और पीओएस मशीन से मिलान किया। उन्होंने बताया कि समितियों पर यूरिया का मिलान सही मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर के अंतिम तक 805 मीट्रिक टन यूरिया व 1234 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण हुआ था। इस वर्ष 833 मीट्रिक टन यूरिया, 1808 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण हो चुका है। समितियों पर वर्तमान में 1725 मीट्रिक टन यूरिया व 795 मीट्रिक टन फास्फेटिक उपलब्ध हैं।