विद्युत लाइन की चपेट में आकर संविदा कर्मचारी की मौत
परिजनों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर किया हंगामा, कर्मचारियों से नोकझोंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जौनमाना टाउन फीडर पर तैनात संविदा कर्मचारी की बुधवार को विद्युत लाइन की चपेट मेें आने से मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने विद्युत वितरण खंड प्रथम कोताना रोड पर पहुंचकर जमकर हंगामा-प्रदर्शन किया। उनकी विद्युत कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। अधिशासी अभियंता प्रथम ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया।
मृतक संविदा कर्मचारी अंशुल (24) पुत्र सुंदर चौबली गांव का रहने वाला था। अशुल जौनमाना टाउन फीडर पर संविदा कर्मचारी था। बुधवार को फाल्ट आने पर वह विद्युत लाइन ठीक कर रहा था, तभी विद्युत लाइन में आए करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। विद्युत कर्मी अंशुल को लेकर सीएचसी पर पहुंचे, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उसके परिजन भी सीएचसी पहुंचे। अंशुल का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में मृतक के परिजन व संविदा कर्मी एक्सईएन प्रथम कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उनकी विद्युत कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। अधिशासी अभियंता प्रथम गोपाल सिंह ने उन्हें मुआवजे दिलाने का आश्वासन देकर शांत किया। इस दौरान सलीम, राजीव, विनय, धर्मेंद्र, शीलू आदि मौजूद रहे।