संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। आजमपुर बिजली घर पर बैठे संविदा लाइनमैन पर दो युवकों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल का बिनौली सीएचसी में उपचार कराया गया। लाइनमैन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आजमपुर गांव निवासी सतेंद्र ने बताया कि वह गांव में ही बिजली घर पर संविदा लाइनमैन है। सोमवार शाम वह बिजलीघर पर बैठा हुआ था, तभी गांव के ही दो युवक आए और लाठी-डंडों, ईंट से उस पर हमला कर दिया। वहां तैनात नोडल अधिकारी समेत अन्य कर्मियों ने उसे बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिनौली सीएचसी में घायल का उपचार कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लाइनमैन पर हमला होने के विरोध में ऊर्जा निगम के अधिकारी भी थाने पहुंचे। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।