बागपत के फैजपुर निनाना-नैथला मार्ग पर होता काम
- फोटो : BAGHPAT
आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। फैजपुर निनाना-नैथला से बिहारीपुर तक मार्ग की खस्ताहालत का मुद्दा अमर उजाला में 29 जुलाई के अंक में उठाया था। मार्ग जर्जर होने के कारण क्षेत्र के छह से अधिक गांवों के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क में बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे थे। रविवार को मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया।
फैजपुर निनाना-नैथला से बिहारीपुर तक लगभग दस किलोमीटर का रास्ता जर्जर हो गया था। इससे मार्ग पर पड़ने वाले फैजपुर निनाना, नैथला, खेड़ा इस्लामपुर, खेड़ा हटाना, बिहारीपुर, बहोला, ढिकाना के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क में गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटना में लोग चोटिल हो रहे थे। इन गांवों से युवक हरियाणा में नौकरी के लिए जाते थे। फैजपुर निनाना के ग्राम प्रधान रोहित धनकड़ ने बताया कि अमर उजाला में खबर का प्रकाशन होने पर प्रशासन हरकत में आया और सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। इसकी मंजूरी मिलने पर अब कार्य शुरू कराया गया। सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा मिलेगा।