छह केंद्रों में होगा अतिरिक्त कक्ष निर्माण, 30 में सुदृढ़ीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के छह स्वास्थ्य उप केंद्रों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 30 उप केंद्रों का सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। सेंटरों की हालत सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार कर लिया है। जल्द ही सेंटरों पर निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे।
जिले में 200 स्वास्थ्य उप केंद्र है। इनमें से 30 उपकेंद्रों के भवन खराब हो गए है और छह में कक्ष का अभाव है। इसके चलते इन उपकेंद्रों पर चिकित्सकों और उपचार कराने के लिए आने वाले मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन उपकेंद्रों में कक्ष निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसका प्लान तैयार कर लिया है।
जिला कम्यूनिटी प्रोग्राम प्रबंधक नौशाद ने बताया कि बड़ौत ब्लॉक में गूंगाखेड़ी व बाम, छपरौली ब्लॉक के लूंब द्वितीय व ढ़िकौली द्वितीय, बिनौली ब्लॉक में तितरौदा और खेकड़ा ब्लॉक में घिटौरा गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में एक-एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। बड़ौत ब्लॉक में 11, पिलाना ब्लॉक में तीन, बिनौली ब्लॉक में 12 और खेकड़ा ब्लॉक में दो व बागपत ब्लॉक दो उप स्वास्थ्य केंद्रों में मरम्मत कराई जाएगी।