सर्द हुआ मौसम, शीत लहर से कांपे लोग
बागपत। बारिश के बाद सर्दी ने लोगों को जकड़ लिया। शीत लहर के चलते लोगों की कंपकंपी छूट गई। दोपहर के बाद धूप तो निकली, लेकिन राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। शीत लहर से बढ़ी सर्दी को देखते हुए प्रशासन ने भी कक्षा एक से आठ तक के छात्रों का दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। अब सोमवार को स्कूल खुलेंगे।
दो दिनों तक हुई बारिश और पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। शीत लहर चलने के कारण सर्दी से लोग ठिठुर गए है। दोपहर बाद सूर्य देव के दर्शन तो हुए, लेकिन राहत नहीं मिल सकी। सुबह से ही लोगों के सामने परेशानियां खड़ी हो गई थी, जो शाम तक जारी रही। रात होते-होते मौसम ओर भी सर्द हो गया। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 14.2 डिग्री सेल्सिय रिकॉर्ड किया गया है। निरंतर लुढ़कते पारे की वजह से सर्दी बढ़ती जा रही है। डीएम शकुंतला गौतम के आदेश के बाद बीएसए राजीव रंजन मिश्र ने कक्षा एक से आठ तक के छात्रों का शुक्रवार और शनिवार का अवकाश घोषित कर दिया है। अब छात्र सोमवार को ही स्कूल में जाएंगे। वहीं सर्दी बढ़ते ही वायु प्रदूषण में कमी आई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक्यूआई 187 रिकॉर्ड किया है।
तौल केंद्रों पर जलभराव, नहीं हो सकी गन्ने की तौल
दाहा। चौगामा क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद परेशानियां बढ़ गई है। तौल केंद्रों पर जलभराव होने से गन्ने की तौल नहीं हो सकी। खेत और घरों में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुग्गी खड़ी है। जब तक गन्ना क्रय केंद्रों पर जमा पानी खत्म नहीं होगा तब तक तौल नहीं हो सकेगी।