- 23 अगस्त से छठीं से आठवीं और एक सितंबर से शुरू होगी नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों में 23 अगस्त से कक्षा छह से आठवीं और एक सितंबर से नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। परिषदीय स्कूलों में पहले दिन छात्र-छात्राओं का तिलक कर स्वागत किया जाएगा। विद्यालयों में कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए छात्रों को खुशनुमा माहौल दिया जाएगा।
शासन ने 23 अगस्त से छठी से आठवीं और एक सितंबर से नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं का संचालन करने के निर्देश दिए है। शासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को साफ-सफाई और सैनिटाइजर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए है। छात्र-छात्राओं को कोरोना गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। मास्क व सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए शिक्षण कराया जाएगा। बच्चों को शुद्ध भोजन का वितरण कराने के निर्देश दिए गए है। नगर के श्री यमुना इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मुकेश राज शर्मा का कहना है कि शिक्षण की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। विद्यालय के गेट पर सैनिटाइजर की व्यवस्था एवं मास्क अनिवार्य रहेगा। बीएसए राघवेेंद्र सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों को कोरोना गाइड लाइन का पालन कराते हुए शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए है।