बागपत के बड़ौत के नेहरू रोड पर स्थित दिगंबर जैन कॉलेज के सी फील्ड में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की होने वाली चुनावी रैली को देखकर डीएम और एसपी ने मैदान का निरीक्षण किया और हेलिपैड कहां बनेगा, इसका भी निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीएम हृदय शंकर तिवारी और एसपी अजय शंकर राय दिगंबर जैन कॉलेज के सी फील्ड पहुंचे। उन्होंने वहां दो फरवरी को होने वाली मुख्यमंत्री की रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मौजूद सपा के जिलाध्यक्ष रोजूदीन बड़ौत विधानसभा प्रत्याशी शौकेंद्र तोमर, छपरौली प्रत्याशी मनोज तोमर समेत अन्य सपा नेता मौजूद रहे। सूूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का मंच 12*18 का बनेगा। इस पर जनपद के सपा के तीनों प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष और कुछ अन्य गणमान्य नेता उपस्थित होंगे। उन्होंने हेलीकाप्टर उतारने वाले मैदान का भी अवलोकन किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके साथ एसडीएम दीपाली कौशिक, सीओ कर्मवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
विस चुनाव में उठेगा बिजली का मुद्दा
बड़ौत। जनपद बनने के बाद से आज तक यहां पर विकास के नाम पर सिर्फ सियासी खेल ही खेला गया है। जाति के नाम पर लोगों को ठगा गया है। विकास में सबसे महत्वपूर्ण विद्युत व्यवस्था होती है, लेकिन यहां तो शहर से लेकर गांव तक हर कोई बिजली से परेशान हैं। आलम यह है कि जिला मुख्यालय पर ग्रामीण शेडयूल से भी कम बिजली सप्लाई हो रही है। शहरी व्यक्ति हो या फिर गांव का किसान, बिजली न मिलने से इतना परेशान हो गया है कि अब जो प्रत्याशी उनसे वोट मांगने आता है वे उससे बिजली के बारे मेें प्रश्नों के अंबार लगा देते हैं। वहीं प्रत्याशी की लिस्ट मेें बिजली का मुद्दा शामिल ही नहीं है। ऐसे मेें मुद्दा प्रत्याशियों को झटका दे सकता है। बिजली की समस्या इतनी गहरा गई है कि नलकूप तक ठप हो चुके हैं।