बड़ौत। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सीएचसी को सील कर दिया गया है, वहीं बड़का गांव में भी दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले है। इसके अलावा नगर की पटटी मेहर में एक ही परिवार के नौ कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद दोबारा से नगर के आधे बाजार को बंद करा दिया गया है और संक्रमित एरिया की गलियों पर बैरिकेडिंग लगाकर सख्ती बढ़ा दी गई है। सीएचसी अधीक्षक डा विजय कुमार ने बताया कि बड़का गांव में दो संक्रमित व्यक्तियों के मिलने के बाद 106 लोगों के सैंपल लिए गए है, जबकि 350 होम क्वारंटीन किए गए है। इसके अलावा चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में बनाए गए क्वांरटीन सेंटर में भी नौ लोगों के सैंपल लिए गए है। सर्राफा बाजार में 35 सैंपल लिए गए है।
फिर सील हुआ आधा बाजार
बड़ौत। नगर की पट्टी मेहर में एक ही परिवार के नौ लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बड़ौली रोड, मुख्य शिकायत केन्द्र सहित फूंसवाली मस्जिद से दिल्ली बस स्टैंड तक यानी आधा बाजार बंद कर दिया गया है। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि किसी को भी संक्रमित एरिया में आने-जाने की अनुमति नहीं दी गयी है।
निजी अस्पताल का बिल भरने के लिए प्लॉट बेचने की तैयारी
खेकड़ा। कसबा निवासी लोकेश वर्मा एक पावरलूम फैक्टरी में मजदूरी करता था। लॉकडाउन में फैक्टरी बंद हो गई, जिस कारण उसकी नौकरी चली गई। पीड़ित ने बताया कि 10 जून को उसे बुखार आया था। पहले वह स्थानीय स्तर पर इलाज कराता रहा। इसके बाद 16 जून को गाजियाबाद के एक अस्पताल में जाकर भर्ती हो गया। यहां इलाज के दौरान उसे कोरोना पॉजिटिव भी बताया गया। अब वह ठीक तो हो गया, लेकिन अस्पताल का बिल करीब साढे़ चार लाख आया है। बिल चुकाने के लिए उसने परिचितों की मदद ली। अब कर्ज चुकाने के लिए प्लॉट बेचने की तैयारी कर रहा है।