बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के मुआवजा के लिए प्रशासन की ओर से गांवों में कैंप लगाए जाएंगे। आठ जून को काठा गांव में कैंप में किसानों मुआवजा निर्धारित किया जाएगा। मुआवजा निर्धारित होने पर दो दिन में किसानों के खातों में धनराशि स्थानांतरित की जाएगी।
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने बताया कि बागपत से होकर निकलने वाले ग्रीन फील्ड इकोनॉमिक कोरिडोर (दिल्ली-देहरादून) परियोजना अंतर्गत गांवों के अवार्ड घोषित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को मुआवजा लेने के लिए अभिलेखों को पूर्ण करने और मुआवजा को लेकर ग्राम पंचायतों में आ रही समस्या का निस्तारण कराने के लिए गांवों में कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आठ जून को प्राथमिक विद्यालय काठा में मुआवजे के लिए कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने मुआवजे के लिए किसान को शिविर में प्रपत्र सीसी की फोटो समेत दो प्रति लेखपाल से सत्यापित कराकर व रसीदी टिकट पर काश्तकार के हस्ताक्षर, बैंक खाता की सत्यापित कॉपी, फोटोयुक्त आईडी कार्ड की कॉपी और प्रतिकर प्राप्ति के लिए शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। शिविर में दस्तावेज जमा करने के दो दिन में किसानों का मुआवजा अवार्ड रेट के अनुसार उनके बैंक खाते में स्थानांतरित कराया जाएगा।